कोरबा। राष्ट्रीय पत्रकार संघ द्वारा पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान को देखते हुए निमेश कुमार राठौर को कोरबा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जिले के पत्रकारों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
निमेश कुमार राठौर लंबे समय से पत्रकारिता, विधिक जागरूकता कार्यक्रम, समाजसेवा, सामाजिक जागरूकता तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। संगठन ने उनके अनुभव, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। नियुक्ति के बाद श्री राठौर ने राष्ट्रीय पत्रकार संघ के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति पर जिले के अनेक पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

