*कोरबा, 27 मई 2026।* खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में खराब फल बेचने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम ने पुराना बस स्टैंड, पॉवर हाउस रोड एवं बुधवारी बाजार में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया।
जांच के दौरान राजा नारियल पानी एवं फ्रूट सेंटर, राजेश फ्रूट सेंटर, सर्वमंगला फ्रूट सेंटर, माँ शारदा फ्रूट सेंटर, चौरसिया फ्रूट सेंटर सहित कुल 11 दुकानों का निरीक्षण किया गया।
दुकानों में 15 किलो आम, 4 दर्जन केला, 2 किलो अनार, 7 किलो खरबूजा खराब हालत में मिले जिन्हें बेचने के लिए रखा गया था। टीम ने मौके पर ही लगभग 28 किलो खराब फल नष्ट करवाए।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देश पर 28 एवं 29 मई तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत की गई है। अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध कराना है।
टीम द्वारा सैकरीन और कार्बाइड से फल पकाने जैसे अवैध तरीकों की भी जांच की जा रही है। निरीक्षण में जिन विक्रेताओं के पास फूड लाइसेंस नहीं मिला, उन्हें तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए और आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

