प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंची स्मृति, दो दिन में करेंगी 12 बैठकों से संगठन की नाड़ी टटोल
रायपुर/करतला टाइम्स। छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय प्रवास पर रविवार को रायपुर पहुंचीं। प्रभारी बनने के बाद उनका यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। रायपुर पहुंचते ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन का कड़ा संदेश दिया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने स्पष्ट कहा कि बैठकों में केवल आमंत्रित लोग ही उपस्थित रहें। बिना किसी कार्य और बिना बुलावे के कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में न आएं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर जाकर काम करें। उनके इस संदेश को पार्टी में अनुशासन और व्यवस्थित कार्यप्रणाली की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
एयरपोर्ट पर भी सादगी दिखी। प्रभारी के स्वागत के लिए केवल 16 नामित पदाधिकारी ही मौजूद रहे। ढोल-ताशा और भाजयुमो की प्रस्तावित बाइक रैली को रद्द कर दिया गया था।
दौरे की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात‘ से हुई। ईरानी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के साथ जमीन पर बैठकर कार्यक्रम सुना।
इसके बाद बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया। प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्रियों, संभाग प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, पूर्व सांसदों-विधायकों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठकें होंगी। रात में कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें आगामी रणनीति तय होगी।

