रायपुर से दुर्ग के सफर के दौरान चौक-चौराहों पर रुककर पुलिस एवं यातायात जवानों को भेंट की मिठाई और उपहार

रायपुर, 08 नवम्बर 2026 दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने संवेदनशीलता और आत्मीयता की अनूठी मिसाल पेश की।
रायपुर से दुर्ग प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न चौक-चौराहों पर रुककर ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं यातायात पुलिस के जवानों से मुलाकात की। मंत्री श्री यादव ने जवानों को मिठाई और उपहार भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

मंत्री जी को अचानक अपने बीच पाकर ड्यूटी पर तैनात जवानों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। उन्होंने जवानों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत की और उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा
> “हमारे पुलिस और यातायात पुलिस के जवान त्योहारों के दौरान भी अपने परिवार से दूर रहकर आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए निरंतर सेवाएं देते हैं। उनका त्याग, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।”
> “दीपावली खुशियां बांटने और एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त करने का पर्व है।”
उन्होंने सभी जवानों एवं उनके परिवारों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

