हादसे में करतला के करवा डारी गांव के दो सगे दोस्त मंजीत राठिया और मुकेश राठिया ने मौके पर दम तोड़ दिया।
जांजगीर-चांपा। भारतमाला हाईवे शुक्रवार-शनिवार की रात फिर खूनी साबित हुआ। बलौदा क्षेत्र के मुढ़भाठा के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जामुन से लदी पिकअप को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
इस हादसे में करतला के करवा डारी गांव के दो सगे दोस्त मंजीत राठिया और मुकेश राठिया ने मौके पर दम तोड़ दिया। पिकअप में सवार ड्राइवर समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पांच युवक पिकअप से जामुन लेकर बिलासपुर मंडी जा रहे थे। रात करीब 12 बजे ट्रेलर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

