कोरबा, 21 नवंबर – करतला टाइम्स।विद्यालयों में बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए अब हर स्कूल में प्रहरी क्लब बनाया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे।

सीईओ प्रतीक जैन ने निर्देश दिए कि हर विद्यालय में प्रहरी क्लब गठित कर नशामुक्ति अभियान को नियमित रूप से चलाया जाए। शिक्षक बच्चों से सीधा संवाद करें और उन्हें तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले नुकसान के बारे में समझाएं। इसमें पालकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग ने कोटपा और पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी। आबकारी विभाग ने नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने पर मार्गदर्शन दिया। स्वास्थ्य विभाग ने नशे से होने वाली शारीरिक और मानसिक हानि बताई। पुलिस और साइबर सेल ने बच्चों की सुरक्षा, मोबाइल के सही उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय साझा किए।
प्राचार्यों को निर्देश दिया गया कि स्कूल परिसर और आसपास तंबाकू व नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री पर सख्त नजर रखें। बच्चों के लिए रैली, शपथ, पोस्टर निर्माण, भाषण प्रतियोगिता और संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित करें।

