कोरबा 05 नवंबर 2026 / आयुष्मान भारत योजना में अनियमितता पर कटघोरा स्थित हरिकृष्णा केयर हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई हुई है। अस्पताल का आयुष्मान योजना के तहत पंजीयन एक वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया है।
30 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। मरीजों के परिजनों से नगद राशि लेने के बयान मिले। भर्ती फाइलों में दर्ज 68 मोबाइल नंबर गलत या बंद पाए गए। नवजात शिशुओं के उपचार, पैथोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी के अभिलेख भी मौके पर नहीं मिले।
अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद CMHO डॉ. एस. एन. केशरी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के जुलाई 2026 के दिशा-निर्देश कंडिका 6.4.1 के तहत कार्रवाई की।
अब अस्पताल एक साल तक आयुष्मान योजना के तहत नए मरीज भर्ती नहीं कर सकेगा। साथ ही अस्पताल को योजना से जुड़ी सभी प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

