सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का असर, शासन ने दिखाई सख्ती – पाली CEO नहीं, अब सक्ती CEO को किया एकतरफा भारमुक्त
तबादला होने के बाद भी पदस्थापना स्थल पर ज्वाइन न करने वाले अधिकारी पर आखिरकार शासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन ने मोहनीश आनंद देवांगन को एकतरफा भारमुक्त कर दिया है। उन्हें तत्काल प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सक्ती के पद पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि मोहनीश आनंद देवांगन जिला पंचायत कोरबा में सहायक परियोजना अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। उनका स्थानांतरण प्रभारी CEO जनपद पंचायत सक्ती के पद पर किया गया था, इसके बावजूद वे कोरबा में ही जमे हुए थे।
बरपाली के लखन गोस्वामी की शिकायत लाई रंग
शासन के स्थानांतरण आदेश का पालन नहीं होने पर बरपाली निवासी लखन गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पंचायत विभाग ने एकतरफा भारमुक्त का आदेश जारी किया। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि उन्हें अविलंब नवीन पदस्थापना स्थल जनपद पंचायत सक्ती में कार्यभार ग्रहण करना होगा और पालन रिपोर्ट शासन को भेजनी होगी। साथ ही उनका आगामी वेतन भी अब सक्ती से ही आहरित होगा।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। शासन की इस कार्रवाई के बाद अब उन्हें सक्ती में अपनी नई जिम्मेदारी संभालनी होगी।

