कोरबा, 14 अक्टूबर। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम सिमकेंदा सिरकी डुंगरू में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। प्रधानमंत्री आवास में दरवाजा लगाने को लेकर हुए विवाद में एक ग्रामीण की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का शव घर के सामने खून से लथपथ मिला।
मृतक की पहचान रामदुलार कोरवा के रूप में हुई है। उसकी पत्नी *बुधवारी कोरवा* ने अपने ही ससुर नंदू कोरवा (65) और देवर *अघन कोरवा (22)* पर हत्या का आरोप लगाया है।
तीर लगा तो गिरा, फिर सब्बल से कुचला सिर
पुलिस के अनुसार घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान में दरवाजा लगाने की बात को लेकर परिवार में कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि अघन कोरवा ने रामदुलार पर तीर-धनुष से हमला कर दिया। तीर लगते ही रामदुलार जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद उसके पिता नंदू कोरवा ने पास रखे लोहे के सब्बल से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और दोनों मौके से फरार हो गए। सुबह परिजनों ने शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस
सूचना पर श्यांग पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ *भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) हत्या और धारा 3(5) संयुक्त रूप से अपराध* के तहत केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।

