कोरबा। जिला न्यायालय कोरबा में शनिवार 12 सितंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में रिकॉर्ड तोड़ सफलता मिली है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती नीता यादव के निर्देशन में आयोजित इस मेगा अदालत में कुल 5 लाख 77 हजार 584 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वाधान और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देश पर यह लोक अदालत वर्चुअल और भौतिक दोनों मोड में आयोजित की गई थी। इसका शुभारंभ प्रधान न्यायाधीश श्रीमती नीता यादव ने किया।
49 खंडपीठों में हुई सुनवाई
जिला न्यायालय कोरबा सहित तालुका स्तर पर कटघोरा, करतला और पाली में लोक अदालत के लिए कुल *49 खंडपीठों* का गठन किया गया था। जानकारी के मुताबिक निराकरण के लिए कुल 5 लाख 72 हजार 560 मामलों को चिन्हित किया गया था, लेकिन लक्ष्य से भी ज्यादा 5.77 लाख मामलों का निपटारा कर नया कीर्तिमान बनाया गया।
इनमें से 5 लाख 77 हजार 584 मामले प्री-लिटिगेशन के थे, जबकि विभिन्न न्यायालयों में लंबित 5931 मामलों में से 5024 मामलों का मौके पर ही समझौता करा दिया गया। इसके अलावा 25 हजार 497 राजस्व मामलों का भी निराकरण किया गया।
इन मामलों की हुई सुनवाई
लोक अदालत में आपराधिक राजीनामा योग्य मामले, मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस (138 NI Act), वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, बैंक ऋण वसूली, बिजली-टेलीफोन बिल, भूमि अधिग्रहण और अन्य समझौता योग्य मामलों की सुनवाई कर पक्षकारों में सुलह कराई गई।
न्याय के साथ सेवा भी
लोक अदालत को सिर्फ न्याय तक सीमित नहीं रखा गया। जिला न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए थे।
आयुष विभाग ने हेल्थ कैंप लगाकर 203 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया और हृदय रोग, मधुमेह, सर्दी-खांसी, वातरोग सहित अन्य बीमारियों की आयुर्वेद दवाइयां बांटी। डॉ. डी.एस. गोयल, डॉ. गौतम नेताम सहित पूरी टीम ने सेवा दी।
– वन विभाग ने अनोखी पहल करते हुए जिन पक्षकारों के मामले निराकृत हुए, उन्हें न्यायाधीशों द्वारा पौधा भेंट कर पर्यावरण का संदेश दिया।
महिला बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण के हेल्प डेस्क ने लोगों की मदद की।
इस अवसर पर प्रथम अपर जिला न्यायाधीश श्रीमती गरिमा शर्मा, द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती ममता भोजवानी, श्रम न्यायाधीश अविनाश तिवारी सहित सभी न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गणेश कुलदीप, सचिव सुनील यादव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कु. डिम्पल और बड़ी संख्या में अधिवक्ता व पक्षकार उपस्थित रहे। जिला प्रशासन, पुलिस और बैंक अधिकारियों के सहयोग से लोक अदालत ऐतिहासिक रूप से सफल रही।








