कोरबा/बांकीमोंगरा। चोरी की जानकारी दुकान मालिक को देना एक युवक को भारी पड़ गया। बदला लेने के लिए चोरों ने उसे तालाब के पास घेरकर जान से मारने की कोशिश की। गला दबाया, लात-घूंसों से पीटा और हाथ में पहने लोहे के कड़े से सिर पर कई वार कर लहूलुहान कर दिया। खून से लथपथ युवक को मरा समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के चाकाबुड़ा छिछमेपारा की है। 23 वर्षीय अजय सिदार ने 10 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 9 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उसने सल्हियापारा की एक दुकान के पुराने घर से कान्हा अगरिया, बिज्जू और सोनू अगरिया को चोरी का सामान ले जाते देखा था। अजय ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दे दी थी।
रात 9 बजे तालाब के पास घेरकर हमला
अजय के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने बदला लेने की ठानी। उसी रात करीब 9 बजे तालाब के पास *कन्हैयालाल अगरिया उर्फ कान्हा (19), विजय कुमार अगरिया उर्फ बिज्जू (20), राहुल सिंह अगरिया उर्फ सोनू (20)* और एक नाबालिग पहले से घात लगाकर बैठे थे।
पूछा – तूने दुकान मालिक को क्यों बताया?
आरोपियों ने अजय को देखते ही गाली देना शुरू कर दिया और पूछा कि उसने दुकान मालिक को चोरी की जानकारी क्यों दी। इसके बाद तीनों ने हाथ-मुक्कों और लातों से पिटाई शुरू कर दी और गला दबा दिया।
लोहे के कड़े से सिर पर कई वार
इसी दौरान नाबालिग आरोपी ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से अजय के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। इससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। अजय की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बोर्ड के सामने पेश
बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया है।








