सक्ती, 11 सितंबर 2026 (करतला टाइम्स)। जिले के कॉलेज ग्राउंड में शुक्रवार को “पीएम आवास गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री के सक्ती पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
कॉलेज ग्राउंड में आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, नवनिर्वाचित पंचायत पदाधिकारियों का सम्मान और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियों को एक मंच पर लाना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीएम आवास योजना के हितग्राही, पंचायत प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं पहुंची थीं। योजना के तहत पक्का मकान पाने वाले परिवारों के लिए सामूहिक गृह प्रवेश का आयोजन किया गया।








