भानुप्रतापपुर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़: किराए के मकान से 4400 से ज्यादा खाली बोतलें, होलोग्राम और ढक्कन जब्त; आबकारी अधिकारी निलंबित
आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
कांकेर, 10 सितंबर 2026। जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में अवैध शराब के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने ग्राम बसंत नगर, नारायणपुर स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर हजारों खाली शराब की बोतलें, स्टीकर, होलोग्राम और ढक्कन बरामद किए हैं। मामले के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
क्या-क्या मिला
पुलिस के मुताबिक मौके से कुल 4409 खाली शराब की बोतल और पौवा, 105 पत्ता स्टीकर व होलोग्राम और 3380 ढक्कन* बरामद हुए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री मिलने से साफ है कि यहाँ बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाने या ओवररेटिंग का खेल चल रहा था।
मंत्री ने दिए सख्त निर्देश –
मामले को गंभीरता से लेते हुए आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्लेसमेंट एजेंसी के दोषी कर्मचारियों को जेल भेजने और संबंधित सेल्समैन व आबकारी इंस्पेक्टर के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश भी दिए हैं।
मंत्री देवांगन ने कहा – इतनी बड़ी गतिविधि बिना मिलीभगत के संभव नहीं है। सरकार ओवररेटिंग और अवैध शराब को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
फिलहाल भानुप्रतापपुर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि यह जखीरा किस उद्देश्य से जमा किया गया था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।








