बरपाली तहसीलदार सत्यपाल राय के नेतृत्व में प्रशासन व पुलिस की टीम कनकी-तरदा मार्ग पहुंची।
कोरबा। जिला प्रशासन ने अधिक्रमण हटाने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशासन की टीम ने नेशनल हाइवे क्रमांक 130 सुतर्रा-जुराली मार्ग पर सड़क निर्माण में बाधक बन रहे 3 मकानों को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। इसी तरह कनकी-तरदा मार्ग पर भी 3 मकान ढहाए गए। हालांकि ग्रामीणों के भारी विरोध को देखते हुए कार्रवाई को कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को कनकी-तरदा मार्ग में सिंचाई विभाग की जमीन पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। यहां ग्रामीणों ने मकान व दुकान बनाना शुरू कर दिया था और कई लोगों ने प्लाटिंग कर खरीदी-बिक्री भी शुरू कर दी थी। प्रशासन ने 85 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया था, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
शुक्रवार सुबह बरपाली तहसीलदार सत्यपाल राय के नेतृत्व में प्रशासन व पुलिस की टीम कनकी-तरदा मार्ग पहुंची। टीम कार्रवाई शुरू करती, इससे पहले ग्रामीण भारी संख्या में एकत्र हो गए। काफी गहमागहमी के बीच टीम ने 3 मकान बुलडोजर से गिरा दिए। आगे कार्रवाई बढ़ती, इससे पहले ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। तनाव की स्थिति बनने के डर से कार्रवाई को आगामी दिनों तक स्थगित कर दिया गया। जिला प्रशासन आने वाले दिनों में पुलिस बल के साथ पुनः कार्रवाई कर सकता है।
इसी तरह NH-130 सुतर्रा-जुराली मार्ग में मुआवजा विवाद के चलते दो साल से सड़क निर्माण कार्य अटका हुआ था। कोर्ट में सुनवाई के बाद करीब सप्ताह भर पहले मुआवजे का वितरण कर दिया गया था, लेकिन मकान खाली नहीं किए गए थे। सड़क निर्माण शुरू कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तोड़ूदस्ते ने बाधा बन रहे 3 मकान ढहा दिए। इससे सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।








