कोरबा, 27 मई 2026। जिला प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरपाली तहसील के ग्राम पंचायत जोगीपाली में चल रहे अवैध खनन पर रोक लगा दी है।
खनिज विभाग को क्षेत्र में भारी मशीनों से अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिली थी। शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में रेत खदान क्षेत्र में मशीनों के जरिए अवैध उत्खनन की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन में संलिप्त 01 चेन माउंटेड पोकलेन मशीन एवं 01 हाईवा वाहन को जब्त किया गया। विभाग ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। संबंधित संचालकों एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

