छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जनपद पंचायत वाड्रफनगर के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्रवण मरकाम को 30 लाख रुपये के शासकीय गबन मामले में गिरफ्तार किया गया है। वे लंबे समय से फरार थे, लेकिन वाड्रफनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
श्रवण मरकाम पर आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2013-14 में जनपद पंचायत वाड्रफनगर में CEO पद पर रहते हुए विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं के नाम पर स्वीकृत शासकीय राशि में अनियमितता की। उन्होंने कुटरचित दस्तावेज तैयार कर और भुगतान प्रक्रिया में हेरफेर कर करीब 30 लाख रुपये की राशि का गबन किया।
इस मामले में पूर्व में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और बैंक खातों, लेन-देन और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ शासकीय धन के गबन, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस गिरफ्तारी से जनपद पंचायत और स्थानीय प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

