मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह को ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
*रायपुर// छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कुल 42 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं की गई हैं। कई जिलों में नए कलेक्टर नियुक्त हुए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी गई हैं।
जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार ने बुधवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य भर में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों, प्रधान सचिवों और जिला कलेक्टरों का तबादला किया। इस कदम का उद्देश्य मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन को मजबूत करना और प्रशासनिक दक्षता में सुधार लाना है।
*वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले*
आधिकारिक आदेश के अनुसार, ऋचा शर्मा को पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि मनोज कुमार पिंगुआ अब वन और जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह को ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
*नए संभाग कमिश्नर और कलेक्टर*
जारी आदेश के मुताबिक, श्याम लाल धावडे को रायपुर संभाग का कमिश्नर बनाया गया है। इसी प्रकार पुष्पा साहू को कोरिया जिले का कलेक्टर, डॉ. संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। डी. राहुल वेंकट को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग का सचिव बनाया गया है।
*किसे मिली मैदानी पदस्थापना*
इसी तरह, चंदन त्रिपाठी को बलरामपुर, संतान देवी जांगड़े को महेंद्रगढ़, पद्मिनी बोई को सारंगढ़, रेना जमील को सूरजपुर और विश्वदीप को बीजापुर का कलेक्टर बनाया गया है। संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम का कमिश्नर और रीता यादव को माध्यमिक शिक्षा मंडल का सचिव नियुक्त किया गया है।
*अन्य नियुक्तियां*
एस जयवर्धन कोष एवं लेखा विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है, और प्रभात मलिक मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव के रूप में कार्य करेंगे। डी राहुल वेंकट को आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास विभाग का आयुक्त बनाया गया है। रोक्तिमा यादव को उच्च शिक्षा विभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि लीना कमलेश मंडावी को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।


