कोरबा / नगर निगम की सफाई व्यवस्था और ठेकेदारों की समस्याओं को लेकर आयुक्त आशुतोष पांडेय ने सफाई कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ठेकेदारों की शंकाओं का समाधान करते हुए समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।
नगर निगम के साकेत भवन स्थित आयुक्त कक्ष में सफाई ठेकेदार रामू पांडेय, राजू जायसवाल, वरुण गोस्वामी और विजय यादव ने आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने सफाई कार्यों के संचालन में आ रही समस्याओं से अवगत कराया।
एकीकृत सफाई प्रस्ताव शासन को भेजा
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कोरबा में एकीकृत सफाई व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन की अनुमति मिलने के बाद ही इस पर अमल किया जाएगा।
बालको जोन के बिल जल्द होंगे भुगतान
आयुक्त ने बताया कि बालको जोन को छोड़कर लगभग सभी जोन के सफाई कार्यों के बिलों का भुगतान हो चुका है।
बालको जोन के लंबित बिलों के भुगतान के लिए उन्होंने संबंधित जोन कमिश्नर को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर बिल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निगम की नई व्यवस्था के तहत जोन कमिश्नर के सत्यापन के बाद ही सफाई कार्यों के बिलों का भुगतान किया जाएगा।
ठेकेदारों ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में निगम को सहयोग देने का आश्वासन दिया।

