कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी मार्ग पर पैदल पैथोलॉजी लैब जा रही एक युवती पर बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने युवती की पीठ में चाकू घोंप दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं घायल युवती को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की पहचान आशा खैरवार निवासी पंप हाउस क्षेत्र के रूप में हुई है। वह रोज की तरह अपने काम से पैदल पैथोलॉजी लैब जा रही थी। इसी दौरान पंचवटी मार्ग पर अचानक बाइक सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और बिना किसी बात के उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने बेहद तेजी से वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले कि युवती कुछ समझ पाती, आरोपियों ने उसकी पीठ में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद आरोपी चाकू को उसी हालत में पीड़िता की पीठ में धंसा छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवती ने हिम्मत दिखाते हुए अपने एक परिचित को फोन कर मदद के लिए बुलाया। सूचना मिलते ही परिचित मौके पर पहुंचा और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा युवती का इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवती को गंभीर चोट आई है, लेकिन फिलहाल उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

