*कोरबा, 07 मई 2026।* जिले के ग्राम पंचायत पहदा में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चले शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में आवेदन आने से साफ है कि अब भी कई लोग मूलभूत योजनाओं से वंचित हैं।
शिविर में जनपद पंचायत कोरबा अध्यक्ष बिजमोती राठिया, जिला पंचायत सदस्य सुषमा कमलेश अनंत, जनपद सदस्य किशन कोशले, कृष्णा राजपूत, विधायक प्रतिनिधि दशरथ खड़िया, भाजपा उरगा मंडल अध्यक्ष किशन साव, एसडीएम सरोज महिलांगे, सीईओ खगेश निर्मलकर समेत कई अधिकारी-जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
राजस्व, पंचायत, खाद्य, स्वास्थ्य, पीएचई, विद्युत विभागों ने स्टॉल लगाकर आवेदन लिए। पीएम आवास के तहत समय पर मकान पूरा करने वाले हितग्राहियों को चाबी दी गई। एक दिव्यांग युवक को व्हीलचेयर मिली। देवरमाल गांव के लोगों को राशन कार्ड वितरित किए गए।
साथ ही शिकायतों का अंबार भी लगा। ग्रामीणों ने खाद्य, पीएचई और विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। पेयजल, बिजली, राशन और स्कूलों में शौचालय की कमी प्रमुख मुद्दे रहे। किसानों ने धान खरीदी केंद्रों में DMF मद से धर्म कांटा लगाने की मांग उठाई।


